Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए प्रीपेड टेलीग्राम टास्क फ्रॉड को लेकर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार, डिजिटल दौर में घर बैठे कमाई का लालच देकर ठग लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि ठग सबसे पहले व्हाट्सएप या टेलीग्राम पर अनजान नंबर से मैसेज भेजते हैं। इसमें जॉब ऑफर या लिंक होता है और दावा किया जाता है कि “घर बैठे 2 हजार रुपये से 5 हजार रुपये रोज कमाएं।” इसके बाद लोगों को छोटे-छोटे टास्क जैसे गूगल रेटिंग देना, वीडियो लाइक करना या ऐप डाउनलोड करना दिया जाता है।
शुरुआत में ठग लोगों को 250 रुपये 500 रुपये का छोटा मुनाफा देकर भरोसा जीत लेते हैं। इसके बाद उन्हें बड़े मुनाफे का लालच देकर “प्रीपेड टास्क” में पैसे निवेश करने को कहा जाता है, जैसे एक हजार रुपये लगाकर 1500 रुपये कमाने का वादा।
ठग एक फर्जी वेबसाइट या ऐप पर यूजर का अकाउंट दिखाते हैं, जिसमें मुनाफा बढ़ता हुआ नजर आता है। लेकिन जब यूजर पैसे निकालने की कोशिश करता है, तो उससे टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या वेरिफिकेशन के नाम पर और पैसे मांगे जाते हैं। अंत में ठग संपर्क तोड़ देते हैं और पैसा वापस नहीं मिलता।
बचाव के लिए पुलिस की सलाह:
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और केवल भरोसेमंद प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें। बिना जांच के कहीं भी पैसा निवेश न करें और किसी के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें। इसके अलावा, फर्जी वेबसाइट या ऐप पर अपनी बैंक डिटेल, OTP या निजी जानकारी साझा न करें।
ठगी होने पर क्या करें:
अगर किसी के साथ ठगी होती है तो तुरंत अपने बैंक को सूचित करें। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। पुलिस ने यह भी कहा है कि सभी चैट, ट्रांजैक्शन और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें, ताकि जांच में मदद मिल सके।

