September 19, 2026

बीके अस्पताल में दो पुरुषों की नसबंदी, परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

Faridaad/Alive News; स्वास्थ्य विभाग की ओर से 14 से 28 सितंबर तक परिवार कल्याण पुरुष नसबंदी पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल में दो पुरुषों की नसबंदी के सफल केस किए गए। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के साथ लोगों को पुरुष नसबंदी के प्रति जागरूक करना है।

नो-स्केलपेल तकनीक से की गई नसबंदी

सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहुजा ने बताया कि पुरुष नसबंदी पखवाड़े के दौरान लोगों को परिवार नियोजन में पुरुषों की भूमिका के बारे में जागरूक किया जा रहा है। पुरुषों को नसबंदी को लेकर मौजूद भ्रांतियों को दूर करने के लिए भी जानकारी दी जा रही है।उप सिविल सर्जन डॉ. राजेश श्योकंद ने बताया कि नसबंदी कराने वाले पुरुष को सरकार की ओर से 2 हजार रुपये की वित्तीय प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों की जानकारी भी दे रही है।

दो दिन बाद कर सकते हैं सामान्य काम

जनरल सर्जन डॉ. संदीप अग्रवाल ने बताया कि बीके अस्पताल में पुरुष नसबंदी के लिए नो-स्केलपेल वसेक्टॉमी तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें पारंपरिक नसबंदी की तरह बड़ा चीरा या टांके लगाने की जरूरत नहीं होती। उन्होंने बताया कि यह एक आधुनिक प्रक्रिया है और सामान्य स्थिति में व्यक्ति दो दिन बाद अपने रोजमर्रा के काम कर सकता है।