September 19, 2026

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो: अमित शाह करेंगे उद्घाटन, दिखेगी प्रदेश की औद्योगिक ताकत

Noida /Alive News: इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आयोजन होगा। इसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार इस मेगा शो का आयोजन फेडरेशन आफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाइजेशंस (फियो) के सहयोग से कर रही है। फियो के मुताबिक इस बार के ट्रेड शो में 1000 से अधिक भारतीय विक्रेता, निर्यातक, निर्माता और एमएसएमई इकाइयां भाग लेंगी।

वहीं दुनिया के विभिन्न देशों से करीब 600 प्रमुख विदेशी खरीदार भी आएंगे। यह आयोजन बी2बी बैठकों, सोर्सिंग साझेदारी, प्रौद्योगिकी सहयोग और निवेश पर चर्चा का बड़ा मंच बनेगा।

इस बार 6 पार्टनर देश ले रहे हिस्सा

इस वर्ष छह पार्टनर देश जापान, रूस, वियतनाम, आस्ट्रिया, सिंगापुर और बेलारूस हिस्सा ले रहे हैं। इन देशों की भागीदारी से व्यापार, निवेश, विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है।