March 8, 2026

सीनियर श्रीराम स्कूल में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता संपन्न, बच्चों ने दिखाया दमखम

Faridabad/Alive News: 60 फुट रोड, जवाहर कॉलोनी स्थित सीनियर श्रीराम मॉडल हाई स्कूल में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन का आयोजन शुक्रवार को उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों हरियाणा के खेल उप निदेशक गौरव सोलंकी, इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग एवं नेशनल बॉक्सिंग मेडलिस्ट तथा डब्ल्यूडब्ल्यूई खिलाड़ी मनजीत सिंह नागिल, कबड्डी खिलाड़ी अंकित चंदेल, बॉक्सर सहदेव हुड्डा, पैरा-अथलीट एवं शूटर सिंहराज अधाना, एमएमए फाइटर संजीत बुधवार तथा प्रोफेशनल बॉक्सर्स  द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

इसके बाद विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अलग-अलग खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने फ्रॉग जंप, रस्साकशी और सेक रेस में भाग लिया। कक्षा 7 के विद्यार्थियों ने सेक रेस, रस्साकशी और होप जंप में अपनी प्रतिभा दिखाई। कक्षा 8 के विद्यार्थियों ने मटकी रेस, रस्साकशी, स्लो साइकलिंग, कबड्डी और वालीबॉल में दमखम दिखाया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त योग विभाग के छात्रों ने आकर्षक योग प्रस्तुति दी, जबकि स्कूल के छात्र जय मनोचा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। चिल्ड्रन डे के अवसर पर बच्चों ने विभिन्न फ़ूड स्टॉल लगाए। अतिथियों ने स्टॉल्स का निरीक्षण किया और बच्चों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की सराहना की।

इस मौके पर मुख्य अतिथि हरियाणा के खेल उप निदेशक गौरव सोलंकी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बचपन जीवन का सबसे सुनहरा समय है और खेल इसमें अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास की नींव रखते हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि आज मैदान में सीखी गई बातें जीवन भर उनके साथ रहेंगी। शिक्षकों और कोचों की भूमिका पर उन्होंने कहा कि जैसे एक खिलाड़ी को प्रशिक्षक तराशता है, वैसे ही शिक्षक कई पीढ़ियों का भविष्य संवारते हैं। उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा दोनों मिलकर ही मजबूत नागरिक और बेहतर समाज का निर्माण करते हैं।

भारतीय पैरा शूटर सिंगराज अधाना ने अपने प्रेरक संबोधन में छात्रों को बताया कि वे 42 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं, लेकिन उनकी सच्ची ताकत बचपन का संघर्ष रहा, जब पोलियो ने उनके दोनों पैरों को प्रभावित कर दिया था। उन्होंने कहा कि कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और परिवार के सहयोग तथा अपनी मेहनत से खड़ा होना, चलना और आगे बढ़ना सीखा। सिंगराज ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि कमजोरी भी सहारा बन सकती है, यदि इरादे मजबूत हों। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि ईमानदारी और मेहनत से आप अपनी कहानी खुद लिख सकते हो। उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किलें हमें रोकने नहीं, बल्कि और मजबूत बनाने के लिए आती हैं, इसलिए अपने सपनों पर विश्वास रखें और लगातार प्रयास करते रहें।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल के डायरेक्टर प्रिंसिपल विक्रम सिंह राठौर ने कहा कि खेल बच्चों में ऊर्जा, आत्मविश्वास और अनुशासन का संचार करते हैं। विद्यालय लगातार ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है ताकि छात्र टीमवर्क और खेल भावना सीख सकें। उन्होंने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग द्वारा खिलाड़ियों को दिए जाने वाले प्रोत्साहन से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ रही है।

स्कूल सोसायटी के ट्रस्टी जगदीप ग्रोवर ने कहा कि खेल बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का एक अहम हिस्सा हैं। उन्होंने शिक्षकों और पीटीआई की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उचित मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास से ही विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान हमेशा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बच्चों को समान अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि श्रीराम स्कूल द्वारा आयोजित ऐसी गतिविधियाँ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल ज्योति कोहली, जसकीरत कौर, पुनिता वत्स, रश्मि कुमारी, शिखा, जोगिंदर कौर, दीपिका, हर्ष, रेखा, अंजना, चंचल, हेमंत सहित पूरा स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।