Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस द्वारा आतंकवादियों के नेटवर्क को तोड़ने में मिली बड़ी सफलता के बाद शहर के कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने पुलिस का धन्यवाद किया। 14 नवंबर को हिंदू जागरण मंच, बजरंग दल, सेवा भारती, अधिवक्ता परिषद सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी के डॉक्टर मुजम्मिल को गिरफ्तार किया था, जो आतंकवादी गतिविधियों में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद पुलिस को महत्वपूर्ण इनपुट दिए। इन सूचनाओं के आधार पर फरीदाबाद पुलिस ने गांव धौज और फतेहपुर तगा से करीब 2900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, अन्य उपकरण और दो स्वचालित हथियार बरामद करवाए।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध लोगों और वाहनों को पकड़ा और उन्हें जम्मू-कश्मीर तथा दिल्ली पुलिस के हवाले किया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के बड़े हमले की योजना थी, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया। शहर में लगातार कांबिंग और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग जारी है।
संगठनों के प्रतिनिधियों ने फरीदाबाद पुलिस की इस सफलता को सराहा और कहा कि भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद कर पुलिस ने बड़ी वारदात को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
राजकुमार शर्मा (भाजपा), रिटायर्ड कर्नल समर सिंह (हिंदू जागरण मंच), शीला शर्मा, कन्हैया लाल शर्मा, राजकुमार तंवर (सीनियर सिटीजन सेल), बजरंग दल के पुनीत वशिष्ठ, अनुज, वेद नागर, कुलदीप, सेवा भारती के दिनेश बंसुवाल और संजय त्यागी, अधिवक्ता परिषद की विरेश डागर, योगेश शर्मा, डीएलएफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के श्री राम अग्रवाल, अधिवक्ता निखिल चंदीला, कारण भड़ाना, कार्तिक कौशिक सहित लगभग 30–35 गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभी ने फरीदाबाद पुलिस का मनोबल बढ़ाया और सराहनीय कार्य के लिए धन्यवाद दिया।

