September 16, 2026

अपहरण कर हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा फरार

Faridabad/Alive News: थाना सेक्टर-8 इलाके में अपहरण के बाद हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा DLF की टीम ने की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बब्लू (मूल निवासी भरतपुर, राजस्थान, हाल कैली गांव फरीदाबाद) और सुल्तान (मूल निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश, हाल पलवली फरीदाबाद) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2025 को इंद्रा नगर निवासी नवीन ने अपने बेटे कृष्णा के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। अगले दिन कृष्णा का शव बाटा फ्लाईओवर के नीचे रेलवे ट्रैक के पास मिला, जिसके बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई।

जांच में सामने आया कि बब्लू को शक था कि कृष्णा उसकी पत्नी से बात करता है। इसी शक के चलते उसने सुल्तान को 1000 रुपये देकर कृष्णा को शराब पिलाने के लिए बुलाया। सुल्तान कृष्णा को गाड़ी में बैठाकर ले गया, जहां बाद में बब्लू और उसका साथी सोहेल भी आ गए।

आरोपियों ने कृष्णा को सुनसान जगह पर ले जाकर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद सबूत छिपाने के लिए शव को बाटा फ्लाईओवर से नीचे रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।

पुलिस ने सुल्तान को 3 दिन और बब्लू को 2 दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में तीसरा आरोपी सोहेल उर्फ धांधू अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।