June 26, 2026

अवैध हथियार रखने और सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने की।

पुलिस ने खेडीपुल इलाके से हेमंत (20) नाम के युवक को एक अवैध देसी कट्टा के साथ पकड़ा। वह बालाजी कॉलोनी, गांव करनेरा का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और चोरी के कुल 7 मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, 3 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ थाना खेडीपुल में मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में हेमंत ने बताया कि उसने यह कट्टा अपने दोस्त अनित (24) से 6 हजार रुपये में खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने अनित को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

अनित भी बालाजी कॉलोनी, गांव करनेरा का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और चोरी के 10 मामले दर्ज हैं।

दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।