June 6, 2026

डबुआ मंडी में रेहड़ी वाले से लूट, क्राइम ब्रांच ने 2 आरोपियों को पकड़ा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने डबुआ मंडी में रेहड़ी वाले से लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने 3 अप्रैल को की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय (36) और शिवम (26) के रूप में हुई है, जो राजीव कॉलोनी फरीदाबाद के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, डबुआ कॉलोनी निवासी सुकपाल ने शिकायत दी थी कि वह फल की रेहड़ी लगाता है और रोज सुबह मंडी से फल लेने जाता है। 30 मार्च को सुबह करीब 4:50 बजे, जब वह 4 नंबर गेट के पास पहुंचा, तो तीन लड़कों ने उसे पकड़ लिया और सड़क किनारे ले जाकर उसकी जेब से 25 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

इस शिकायत पर थाना डबुआ में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 हजार रुपये बरामद किए हैं। विजय पर पहले से एक एक्साइज एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि शिवम पर चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 8 मामले दर्ज हैं।

दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।