August 5, 2026

खेड़ी गांव में फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, अवैध पिस्टल और बाइक बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की AVTS-2 भूपानी टीम ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत कार्रवाई करते हुए खेड़ी गांव में एक छात्र के घर पर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, खेड़ी गांव निवासी रोहित ने शिकायत दी थी कि उसका चचेरा भाई देव उर्फ भोला, जो 12वीं कक्षा का छात्र है, 31 जुलाई को स्कूल से घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद दो युवक मोटरसाइकिल पर उसके घर पहुंचे और फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।

मामले की जांच के दौरान AVTS-2 भूपानी की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर 2 अगस्त को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान फरीदपुर निवासी अभिषेक (22) और अमन उर्फ फल्लू (25) के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान अभिषेक के पास से एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वहीं अमन की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक की चचेरी बहन भी उसी स्कूल में पढ़ती है, जहां देव उर्फ भोला पढ़ता है। आरोप है कि देव ने छात्रा के साथ बदतमीजी की थी। इसी बात से नाराज होकर अभिषेक और अमन उसके घर पहुंचे और फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया।

जांच में यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी अभिषेक ने करीब एक साल पहले अवैध देशी पिस्टल खरीदी थी। पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।