August 26, 2026

प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण कर लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेंट्रल ने प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण कर लूटपाट करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी डिलीवरी बॉय का काम करते हैं। पुलिस अब उनके तीसरे फरार साथी की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, भारत कॉलोनी निवासी अमरेश पाठक 26 और 27 जुलाई की रात अपनी स्विफ्ट कार से जा रहे थे। खड्डा कॉलोनी के पास वह पेशाब करने के लिए कार से नीचे उतरे। इसी दौरान तीन युवकों ने उन्हें जबरन कार की पिछली सीट पर बैठा लिया।

आरोपियों ने अमरेश से 4,600 रुपये नकद, एक सैमसंग मोबाइल, एक आईफोन-14, दो डेबिट कार्ड और हाथ की घड़ी लूट ली। इसके बाद वे उन्हें उनकी कार समेत भूपानी थाना क्षेत्र के टिकावली गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। जाते समय आरोपी कार की चाबी भी अपने साथ ले गए।

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 4 अगस्त को हेमंत उर्फ अन्नू (24) और राजा (18) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मूल रूप से बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं और फिलहाल फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी में रह रहे थे।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।