Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। पहले हादसे में बड़खल चौक के पास माल से भरा ट्रक एक खाली डंपर से टकरा गया, जिसमें ट्रक चालक घायल हो गया। दूसरे हादसे में रेड लाइट पर एक कार स्कूल बस से टकरा गई।
सुबह 5 बजे हुआ ट्रक-डंपर हादसा
ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी सुरेश ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे बड़खल चौक पर यह हादसा हुआ। ट्रक दिल्ली की ओर से सीमेंट के कट्टे लेकर आ रहा था। आगे चल रहे खाली डंपर में ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक की रफ्तार तेज होने के कारण उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ड्राइवर घायल, हाईवे पर लगा जाम
हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन ट्रक चालक को चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर के बाद हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
कार ने स्कूल बस को मारी टक्कर
दूसरा हादसा ओल्ड फरीदाबाद की रेड लाइट पर हुआ, जहां एक कार स्कूल बस से टकरा गई। टक्कर से कार का बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। स्कूल बस बच्चों को लेने के लिए जा रही थी और बस में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं।

