September 16, 2026

फरीदाबाद में निगम की सख्ती: 4 दिन में 61 बकायेदारों की संपत्ति सील, 29.31 लाख रुपये वसूले

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने बकायेदारों के खिलाफ मेगा सीलिंग ड्राइव के तहत सख्त कार्रवाई जारी रखी है। निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि चार दिनों के भीतर निगम ने 61 बकायेदारों की संपत्तियों को सील किया है, वहीं 29 लाख 31 हजार रुपये की राशि वसूल कर निगम खाते में जमा कराई गई है। यह कार्रवाई 12 दिसंबर से 15 दिसंबर 2025 तक नगर निगम के विभिन्न जोनों में की गई।

अतिरिक्त आयुक्त ने बताया कि निगम की ओर से एक लाख रुपये से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स बकाया रखने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कार्रवाई से पहले सभी बकायेदारों को नोटिस जारी किए गए थे। जोन वाइज कार्रवाई के तहत एनआईटी, ओल्ड जोन और बल्लभगढ़ जोन में सीलिंग की गई है। निगम का मुख्य उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली करना और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करना है।

सलोनी शर्मा ने साफ कहा कि नगर निगम की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे समय पर अपने बकाया करों का भुगतान करें, ताकि सीलिंग या किसी अन्य दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। नगर निगम फरीदाबाद शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबंध है।