June 3, 2024

सीवर और पानी की समस्या से परेशान लोगों ने निगम मुख्यालय पर किया विरोध प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: सीवर ओवरफ्लो और पीने की पानी की समस्या से परेशान नंगला एंक्लेव पार्ट 1 और एनआईटी के लोगों ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि वह कई बार इसकी शिकायत निवर्तमान पार्षद, विधायक और निगम अधिकारियों से कर चुके है। लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं नही किया गया।

दरअसल, नंगला एंक्लेव पार्ट 1 में पिछले कई सालों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। सीवर ओवरफ्लो होने से मुख्य सड़क जलमग्न रहती है। सड़क पर पानी भरे रहने के कारण लोगों को अपने दफ्तर और बच्चों को स्कूल जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आलम यह है कि समस्या बढ़ने से बच्चों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है और दुपहिया वाहन चालक आए दिन गंदे पानी में गिरकर चोटिल हो है। इसके बाद भी निगम अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे है।

नही आता पीने का पानी
नंगला एंक्लेव में कई सालों से मीठे पानी की सप्लाई ठप होने के कारण लोगों को मीठा पानी खरीदना पड़ता है और रोजमर्रा के कार्य के लिए उन्हें 400 से 700 रुपए तक का पानी का टैंकर खरीदना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वह कई बार इसकी शिकायत विधायक और निवर्तमान पार्षद से करने के लिए उनके कार्यालय पर पहुंचे है। लेकिन वह लोगों को डाट कर भागा देते है।

सीवर की समस्या से परेशान लोगों ने चीफ इंजीनियर के कार्यालय में किया प्रवेश

उधर, एनआईटी 1 के जे, डी, बी एच ब्लॉक के लोगों ने चीफ इंजीनियर राम जी लाल के कार्यालय में जाकर विरोध प्रदर्शन किया। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत करवाने की कोशिश की। लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रही। सूचना मिलने पर नगर निगम पहुंचे चीफ इंजीनियर राम जी लाल ने लोगों को जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। जिसके बाद महिलाएं शांत हुई और समस्या का समाधान न होने पर सड़क जाम करने की चेतावनी दी।

क्या कहना है लोगों का
स्थानीय निवासी माया, जानकी और सीता ने बताया कि सीवर जाम होने के कारण बदबू और गंदे पानी से उनका इस इलाके में रहना दुभर ही गया है। बच्चे आए दिन इस गंदे पानी से निकाल कर स्कूल जाते है। जिसके कारण उनके पैरों में इन्फेक्शन हो गया है और बच्चे बीमार पड़ गए है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि वह कई बार नगर निगम अधिकारियों को शिकायत कर चुकी है लेकिन केवल आश्वासन मिलता है लेकिन इस बार अगर अधिकारियों ने क्षेत्र की समस्या का समाधान नहीं किया तो वह रोड जाम करेंगे और इसका जिम्मेवार फरीदाबाद नगर निगम के अधिकारी होंगे।

क्या कहना है अधिकारी का
नंगला एंक्लेव और एनआईटी में काफी समय से सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। हम भी समय समय पर शहर के नालों को साफ करवा रहे और नाले साफ होने पर बहुत जल्द शहर के लोगों को सीवर की समस्या से निजात मिल जायेगी।
रामजी लाल, चीफ इंजीनियर नगर निगम।