April 27, 2024

पेयजल और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से परेशान एसी नगर के लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: बृहस्पतिवार को एसी नगर के दर्जनों लोग सीवर ओवरफ्लो और पेयजल किल्लत सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। लंबे समय से समस्याओं के समाधान न होने से परेशान लोगों ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

निगम मुख्यालय पहुंचे लोगों के मुताबिक क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से नरकीय जीवन जीने को मजबूर है। न तो पीने के लिए स्वच्छ पानी मिल रहा है और ना ही रहने के लिए स्वच्छ वातावरण। नाले गंदगी से अटे हैं। पानी आए महीनों बीत चुके है। सड़कें टूटी हुई हैं। जिससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

बना रहता है संक्रमण का खतरा
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में सफाई कर्मचारी नहीं आते हैं, जिससे नालियों की सफाई नहीं होती। ऐसे में गंदा पानी लोगों के घरों में प्रवेश कर रहा है। गंदगी और बदबू के कारण संक्रमण फैलने का डर बना रहता है। समस्याओं के समाधान के लिए लोगों ने कई बार निगम अधिकारियों, निवर्तमान पार्षद व विधायक से शिकायत की है लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण आज भी लोग परेशान हैं।