May 8, 2024

नकली सोने के सिक्के बेचकर डॉक्टर से ठगी करने वाला आरोपी सुनार गिरफ्तार

Faridabad/Alive News : क्राइम ब्रांच एनआईटी प्रभारी नरेन्द्र कुमार की टीम ने असली के नाम पर नकली सोने के सिक्के बेचने के मुकदमे में सोने के नकली सिक्के बनाने वाले आरोपी सुनार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी सुनार का नाम अर्पित है जो आगरा का रहने वाला है। क्राइम ब्रांच द्वारा इससे पहले गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी एक ही परिवार के है। जिसमे आरोपी पन्ना लाला और उसकी पत्नी रमा तथा पुत्र धर्मेन्द्र, राजन व नितिन का नाम शामिल है। आरोपियों ने 2 डॉक्टर के साथ असली के नाम पर नकली सिक्के बेचकर 80 लाख रुपए की धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया था। जिसमें आरोपियों ने ग्रीन फील्ड के रहने वाले डॉक्टर निशांत तथा सेक्टर 31 के रहने वाले डॉक्टर निखिल को अपना निशाना बनाया था।

ग्रीन फील्ड कॉलोनी के रहने वाले डॉक्टर निशांत ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह एक एमबीबीएस डॉक्टर हैं और ग्रीन फील्ड कॉलोनी में अपना क्लीनिक चलाते हैं। एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ इलाज के लिए उनके पास आया था। इलाज के दौरान उसके परिजनों ने बताया कि उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है और वह पैसों के बदले उन्हें सोने के सिक्के दे सकते हैं जो उनके पुरखों को खेत में खुदाई के वक्त मिले थे। आरोपियों ने कम पैसों में ज्यादा सोने के सिक्के देने का लालच दिया और सैंपल के तौर पर पीड़ित डॉक्टर को कुछ सिक्के दे दिए। जिसे सुनार से चेक करवाने पर वह सोने के सिक्के असली पाए गए जिससे पीड़ित को ठगों पर विश्वास हो गया। इसके लगभग 20 दिन पश्चात आरोपियों की पीड़ित से फिर बातचीत हुई और जब उन्होंने पीड़ित को सिक्के खरीदने के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि उनके पास करीब 40 लाख रुपए का इंतजाम है और वह इससे सोने के सिक्के खरीद लेंगे। इसके पश्चात पीड़ित डॉक्टर को आरोपियों ने पैसे लेकर नोएडा बुलाया और 40 लाख रुपए लेकर उसके बदले में उन्हें 01 किलोग्राम सोने के सिक्के दे दिए। डॉक्टर ने जब सुनार के पास पहुंचकर सिक्कों की जांच करवाई तो पता चला कि सारे सिक्के नकली है।

जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की गई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।