November 11, 2026

दूसरे जिले में ट्रांसफर से बिगड़ेगा नर्सिंग ऑफिसर्स का पारिवारिक संतुलन, फिर आंदोलन की तैयारी

Faridabad/Alive News: हरियाणा में नर्सिंग ऑफिसर्स की ऑनलाइन मॉडल ट्रांसफर पॉलिसी को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। दूसरे जिलों में तबादले होने से महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, बच्चों की पढ़ाई और पारिवारिक जिम्मेदारियों पर असर पड़ने की आशंका जताते हुए नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने फिर आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। एसोसिएशन ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए लंबे समय तक हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।

एसोसिएशन की जिला प्रधान राजकंवर ने बुधवार को बताया कि 5 और 6 अक्टूबर को नर्सिंग ऑफिसर्स ने ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में हड़ताल की थी। उस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने मुख्यमंत्री के सामने पॉलिसी लागू नहीं करने की सिफारिश करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी थी। अब अचानक ट्रांसफर के आदेश जारी होने से कर्मचारियों में नाराजगी है।

राजकंवर ने बताया कि 14 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में एसोसिएशन की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें कर्मचारियों से सुझाव लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके बाद हड़ताल की तारीख घोषित की जाएगी।

एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष विनीता बांगड़ ने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर्स की ड्यूटी अन्य विभागों के कर्मचारियों से अलग होती है। उन्हें सुबह, दोपहर और रात की शिफ्ट में काम करना पड़ता है। ऐसे में दूसरे जिले में तबादला होने से महिला कर्मचारियों को आने-जाने, सुरक्षा और बच्चों की पढ़ाई जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। एसोसिएशन ने कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा, बच्चों की एडमिशन फीस और केंद्र के समान नर्सिंग अलाउंस देने की मांग भी उठाई है।