Faridabad/Alive News: सुबह की ठंड के बीच अब विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने के लिए पहले की तरह जल्दी घर से नहीं निकलना पड़ेगा। ठंड के मौसम को देखते हुए शिक्षा विभाग ने जिले के सरकारी स्कूलों की समय-सारिणी में बदलाव किया है। नई व्यवस्था अगले सप्ताह से लागू होगी। इसके तहत एकल पाली में चलने वाले स्कूल अब सुबह 9:30 बजे शुरू होंगे और दोपहर 3:30 बजे छुट्टी होगी। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में स्कूल मुखियाओं को निर्देश जारी कर दिए हैं।
वहीं, दोहरी पाली में चलने वाले स्कूलों का समय अलग रहेगा। इनमें पहली पाली सुबह 7:55 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:40 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। दोनों पालियों के बीच 10 मिनट का अंतर रखा गया है, ताकि विद्यार्थियों के आने-जाने और कक्षाओं के संचालन में परेशानी न हो।
शिक्षा विभाग ने स्कूल मुखियाओं को नई समय-सारिणी के अनुसार प्रार्थना सभा, कक्षाओं और छुट्टी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों को भी बदले हुए समय की जानकारी देने को कहा गया है। समय में बदलाव से विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को भी अपनी सुबह की दिनचर्या में बदलाव करना होगा।

