November 11, 2026

बीके अस्पताल में फिर लापरवाही का आरोप, दो घंटे इंतजार के बाद भी नहीं मिला इलाज

Faridabad/Alive News: बीके नागरिक अस्पताल में मरीजों को समय पर इलाज और जरूरी सुविधाएं नहीं मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। बुधवार सुबह अस्पताल पहुंचे एक मरीज के परिजनों ने डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि वे करीब दो घंटे तक मरीज को लेकर अस्पताल में इंतजार करते रहे, लेकिन उसे न तो इलाज मिला और न ही कोई दवा दी गई। इससे नाराज होकर वे मरीज को दूसरे अस्पताल ले गए।

ओल्ड फरीदाबाद निवासी परिजनों के अनुसार, उनके मरीज का एक्सीडेंट हो गया था। पहले उसे बल्लभगढ़ के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से बीके नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि बीके अस्पताल पहुंचने के बाद भी मरीज को समय पर उपचार नहीं मिला। इस दौरान मरीज व्हीलचेयर पर बैठा हुआ था। आरोप है कि अस्पताल में व्हीलचेयर खाली कराने के लिए मरीज को उससे हटाकर सामान रखने की बात कही गई। इस पर परिजन भड़क गए। उनका कहना था कि मरीज को इलाज देने के बजाय उसे व्हीलचेयर से हटाने की बात की जा रही थी।

वही एक दूसरे मरीज के साथ आए परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में काफी देर तक डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ नजर नहीं आए। मरीज को बुखार था और उसकी परेशानी के बावजूद उसे कोई दवा तक नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वे सरकारी अस्पताल में इलाज कराने आते हैं, लेकिन यहां भी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। यदि मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिलेगा तो वे कहां जाएंगे। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल जनता के पैसे से चलता है, लेकिन यहां आने वाले मरीजों को ही परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आखिरकार इलाज की उम्मीद में बीके अस्पताल पहुंचे परिजनों को मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने का फैसला करना पड़ा।

क्या कहना है अधिकारी का

मामले की जांच करके कार्यवाही की जाएगी।

  • डाॅ. सतीश वर्मा, कार्यकारी पीएमओ जिला अस्पताल