May 7, 2024

आज है धनतेरस, शुभ मुहूर्त में करें सोना चांदी से लेकर बर्तन तक की खरीदारी

आज धनतेरस है और ऐसी मान्यता है कि आज के दिन खरीदारी करने से उसमें तेरह गुना की बढ़ोतरी साल भर होती रहती है। इसके अलावा आज धनतेरस पर त्रिपुष्कर योग भी बन रहा है। ज्योतिषशास्त्र के अनुसार इस योग में खरीदारी, निवेश और शुभ कार्यों की शुरुआत करने पर इसमें तीन गुने का लाभ मिलता है। सुबह से लेकर शाम तक धनतेरस के मौके पर बाजार में खरीदारी की रौनक रहेगी। हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर धनतेरस का त्योहार आता है। धनतेरस शुभ दिवाली के दो दिन पहले आता है। धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी के साथ धन के देवता कुबेर, भगवान गणेश, यमदेव और भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है।

पौराणिक मान्यता है कि धनतेरस के दिन ही आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि समुद्र मंथन के दौरान सोने के कलश के साथ प्रगट हुए थे। धनतेरस के दिन सोने-चांदी की चीजें और बर्तन खरीदने की परंपरा होती है। ऐसा कहा जाता है धनतेरस के शुभ अवसर और मुहूर्त पर नया कार्य करने और खरीदारी से इसमें तेरह गुने की वृद्धि होती है।

धनतेरस का महत्व
धनतेरस के ही दिन पांच दिनों तक चलने वाले दीपोत्सव का त्योहार शुरू हो जाता है। धनतेरस के दिन लोग अपने घर की साफ सफाई के बाद शाम के समय दीपक प्रज्वलित कर मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं। धनतेरस के दिन विशेष रूप से भगवान धन्वंतरि की पूजा करते हैं। इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि के अलावा धन के देवता भगवान कुबेर और समृद्धि प्रदान करने वाले देव गणेश जी की भी वंदना की जाती है। धनतेरस के दिन सोने-चांदी और बर्तन खरीदा जाता है।

पूजा विधि
ऐसी मान्यता है कि धनतेरस के दिन से ही माता लक्ष्मी सभी पर अपनी शुभ कृपा बरसाने लगती हैं। धनतेरस के दिन यानी कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर भगवान धन्वंतरि प्रकट हुए थे। ऐसे में इस दिन सुबह इनकी षोडशोपचार विधि की पूजा करनी चाहिए। शाम के समय घर के हर कोनों में घी और सरसों के तेल का दीपक जलाकर रखें। धनतेरस पर घर के दक्षिण दिशा में भगवान यम के नाम का दीपक जरूर रखें।