March 8, 2026

निगमायुक्त वार्ड की समस्या के समाधान के लिए अब हर शुक्रवार करेंगी पार्षदों के साथ बैठक

Faridabad/Alive News: जिलेवासियों को जल्द ही सीवर ओवरफ्लो, पानी की किल्लत और बिजली कटौती जैसी समस्याओं से निजात मिलने की संभावना जताई जा रही है। अब निगमायुक्त हर शुक्रवार को खुद पार्षदों से रूबरू होंगी। निगमायुक्त दोपहर 3 से 5 बजे तक सभी पार्षदों के साथ मीटिंग करेंगी। इस मीटिंग में वह पार्षदों से उनके वार्ड में आ रही समस्याओं और आमजन की मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा करते हुए उनका समाधान ढूढेंगी।

दरअसल, जिले के कई वार्ड में सीवर ओवरफ्लो पानी की किल्लत जैसी समस्या से लोग जूझ रहे हैं और लोग आए दिन नगर निगम और पार्षदों के खिलाफ नारेबाजी करते हैं। पार्षदों से उनके वार्ड में उत्पन्न समस्याओं के बारे में पूछने पर वह इसका ठिकड़ा नगर निगम अधिकारियों के मत्थे फोड़ देते हैं। लेकिन अब नगर निगम और पार्षदों के बीच सामंजस्य की स्थिति बनती नजर आ रही है। जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान जल्द हो सकता है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निगमायुक्त ने मेयर, नगर निगम सचिव और सभी पार्षदों को एक पत्र जारी किया है। जारी पत्र के अनुसार अब निगमायुक्त प्रत्येक महीने के हर शुक्रवार को मीटिंग के माध्यम से पार्षदों से उनके वार्ड की समस्या और समाधान पर चर्चा करेंगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस मीटिंग से लोगों की समस्याओं का समाधान जल्द होगा।