October 16, 2026

बीके अस्पताल में ऑनलाइन पेमेंट शुरू, अब मोबाइल से करा सकेंगे ओपीडी रजिस्ट्रेशन

Faridabad/Alive News: बीके नागरिक अस्पताल में मरीजों को ओपीडी रजिस्ट्रेशन और भुगतान के लिए काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत देने की तैयारी है। अस्पताल के सभी काउंटरों पर ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही मरीज घर बैठे ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन भी करा सकेंगे। इस पहल से अस्पताल पहुंचने के बाद रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में लगने वाला समय कम करने में मदद मिलेगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा के अनुसार, अस्पताल में मरीजों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऑनलाइन पेमेंट शुरू होने से मरीज और उनके परिजन भुगतान के लिए नकदी पर निर्भर रहने से बच सकेंगे। इससे लेन-देन की प्रक्रिया भी अधिक व्यवस्थित होगी।

मोबाइल नंबर से करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

मरीज घर बैठे eupchaarharyana.org.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, अस्पताल में पहले से रजिस्टर्ड मरीज अपने पुराने यूएचआईडी (UHID) नंबर के जरिए भी प्री-रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे।

अपॉइंटमेंट के दिन अस्पताल पहुंचना जरूरी

ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन कराने के बाद मरीज को निर्धारित अपॉइंटमेंट की तारीख पर अस्पताल पहुंचना होगा। वहां विशेष काउंटर के माध्यम से मरीजों को संबंधित डॉक्टर के परामर्श कक्ष तक पहुंचने में मदद मिलेगी। इससे रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर भीड़ कम होने और मरीजों का समय बचने की उम्मीद है।

डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाएं मरीज

डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि अस्पताल प्रशासन का उद्देश्य मरीजों को सरल और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं देना है। ऑनलाइन पेमेंट और प्री-रजिस्ट्रेशन से मरीजों को सहूलियत मिलेगी। उन्होंने लोगों से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।