Faridabad/Alive News: अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने वाहन चोरी कर बेचने और खरीदने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 चोरीशुदा मोटरसाइकिलें और एक ब्रेज़ा कार बरामद की है।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध वरुण कुमार दहिया ने बताया कि दिनेश, निवासी शाहजहांपुर, फरीदाबाद ने शिकायत दी थी कि उसने अपनी मोटरसाइकिल चिराग रिज़ॉर्ट की पार्किंग में खड़ी की थी, लेकिन वापस आने पर वह गायब थी। इस पर थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान AVTS-2 की टीम ने गुलफान उर्फ पुटिया (22), निवासी पचगांव नूंह, फारुख (30), निवासी तावडू नूंह और विपिन (28), निवासी मथुरा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि गुलफान पहले इलाके की रेकी करता था, फिर साथी की मदद से मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी के वाहन वह सस्ते दामों पर बेच देता था। फारुख ने गुलफान से 5 हजार रुपये में चोरी की मोटरसाइकिल खरीदी थी। गुलफान चोरी की बाइक मुजेसर के बंद पड़े पावर हाउस की चारदीवारी में छुपा कर रखता था। उस पर पहले से चोरी के 20 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
एक अन्य मामले में आरोपी विपिन को भूपानी क्षेत्र से चोरी की ब्रेज़ा कार सहित पकड़ा गया। उसे भी अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी मामलों पर बड़ा प्रभाव पड़ा है।

