August 12, 2026

एनआईटी-1 में मारपीट और फायरिंग का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 ने एनआईटी-1 में मारपीट और फायरिंग के मामले के मुख्य आरोपी जतिन भाटिया को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एनआईटी निवासी पियुष ने थाना कोतवाली में शिकायत दी थी कि 3/4 नवंबर की रात उसके दोस्त इक्षित और जतिन के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद जतिन अपने साथी गौतम और अन्य लोगों के साथ फावड़ा चौक, एनआईटी-1 पर इक्षित और हिमांशु को रोककर मारपीट करने लगा। मारपीट के दौरान इक्षित पर फायर भी किया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया।

जांच में जुटी क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय जतिन भाटिया, निवासी एनआईटी-5, को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि जतिन और इक्षित के बीच पहले से बहस हो रखी थी। उसी रंजिश में जतिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया। घटना के दौरान जतिन ने अपने साथी को अवैध हथियार दिया था, जिससे इक्षित और हिमांशु पर फायर किया गया।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि मामले की आगे जांच की जा सके।