May 5, 2024

दयानगर कॉलोनी में तीन घोड़े मिले ग्लैंडर्स पॉजिटिव

Palwal/Alive News : पशु पालन एवं डेयरिंग विभाग के उपनिदेशक डॉ. इकबाल सिंह दहिया ने बताया कि दयानगर कॉलोनी के तीन घोड़े ग्लैंडर्स बीमारी से पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र हिसार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार पशु संक्रमण एवं संसर्गजन्य रोग निवारण एवं रोकथाम अधिनियम 2009 के तहत जिले के अश्व प्रजाति के पशुओं में ग्लैंडर्स रोग के बचाव एवं नियंत्रण के लिए नियंत्रित क्षेत्र घोषित किया गया है और घोड़े, गधे, खच्चर व अश्व प्रजाति के अन्य पशुओं की जहां वे इस जिले में रखे गए हैं, से किसी अन्य स्थान पर राज्य के अंदर या बाहर आवाजाही को प्रतिबंधित किया गया है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा अश्व जाति के पशुओं को जिले से बाहर व अंदर की दौड़, मेले, प्रदर्शनी, खेल आदि के आयोजन तथा एकत्रित करने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने बताया कि ग्लैंडर्स बीमारी के निवारण एवं रोकथाम के लिए जिला में भारत सरकार की हिदायतों के अनुसार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।