Gurugram/Alive News: गुरुग्राम के सेक्टर-34 स्थित नगर निगम (MCG) कार्यालय और मेयर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
ई-मेल में नगर निगम कार्यालय और मेयर ऑफिस को निशाना बनाने की बात कही गई। साथ ही मेल में “दरबार साहिब का बदला” जैसे शब्द लिखे गए। इसके अलावा कुरुक्षेत्र के स्थानेश्वर महादेव मंदिर समेत 6 मंदिरों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के तौर पर पूरे सरकारी परिसर को खाली करा लिया गया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

