Noida/Alive News: कुछ दिनों पहले हुई बारिश के बाद एक बार फिर मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, बीते दिन इस सप्ताह का सबसे गर्म दिन रहा। दोपहर में तेज धूप और उमस के कारण सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम होते-होते आसमान में हल्के बादल छा गए।मौसम विभाग के अनुसार आज गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार से मौसम का रुख बदलने लगेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 7 जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं 8 और 9 जून को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बढ़ते तापमान के साथ शहरवासियों को गर्मी और उमस का अधिक सामना करना पड़ सकता है।
एक्यूआई में उतार-चढ़ाव
नोएडा में कुछ दिनों तक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मध्यम श्रेणी में बना रहा, लेकिन हालिया दिनों में इसमें बदलाव देखा गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताजा आंकड़ों के अनुसार नोएडा का एक्यूआई 218 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी और ऑरेंज जोन में आता है। वहीं ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 176 रहा, जो मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में बदलाव और हवा की गति के आधार पर आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता में और परिवर्तन देखने को मिल सकता है।
बारिश के आसार के बीच बढ़ेगा तापमान

