August 6, 2026

नोएडा एयरपोर्ट के समीप अपना घर बनवाने की सोच

Noida/Alive News: अगर आप नोएडा एयरपोर्ट के समीप अपना घर बनवाने की सोच रहे हैं तो आपके लिए एक अच्छा मौका जल्द ही मिलने वाला है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) नवरात्र के अवसर पर दो रेजिडेंशियल प्लॉट्स स्कीम एक साथ शुरू करने जा रहा है। इन योजनाओं में प्लॉट का आकार 40 से 300 वर्ग मीटर तक रखा जाएगा। इन योजनाओं में सामान्य नागरिकों के साथ-साथ कामगारों के लिए भी अलग-अलग प्लॉट्स उपलब्ध कराए जाएंगे।

यह परियोजना सेक्टर-5A में स्थित होगी और इसमें 40 से 300 वर्ग मीटर तक के प्लॉट शामिल होंगे। इस प्रोजेक्ट में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (श्रमिक) के लिए 40 वर्ग मीटर के छोटे भूखंड आरक्षित होंगे, जबकि आम नागरिकों के लिए 162 से 300 वर्ग मीटर तक के बड़े प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। प्लॉटों की कुल संख्या अभी सुनिश्चित नहीं हुई है। हालांकि, बोर्ड से पहले ही 4,000 भूखंडों के लिए सहमति मिल चुकी है। आवेदन की तिथियां और कीमतें जल्द ही घोषित की जा सकती हैं।

यमुना अथॉरिटी की नई योजना में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। इस बार उन लोगों को आवेदन करने की अनुमति नहीं होगी, जिनके नाम पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा या यीडा की किसी पिछली रिहायशी योजना में पहले से प्लॉट आवंटित हो चुका है। नियम इसलिए बदला गया है, ताकि पहली बार प्लॉट लेने वाले आवेदकों को बेहतर मौका मिल सके।