August 27, 2026

नोएडा एयरपोर्ट को दिल्ली से सीधे जोड़ने के लिए 50 किमी लंबा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे जल्द बनेगा

Noida/Alive News: नोएडा एयरपोर्ट को दिल्ली से सीधे जोड़ने के लिए 50 किमी लंबा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। लंबे समय से चल रहे मंथन के बाद अथॉरिटी और एनएचएआई ने इसका अलाइनमेंट फाइनल कर लिया है। एनएचएआई ही इस एलिवेटेड एक्सप्रेसवे को बनाने जा रही है।

एनएचएआई ने रूट डिजाइन का अलाइनमेंट फाइनल करके अथॉरिटी के पास भेज दिया है। इस अलाइनमेंट के अनुसार यह एलिवेटेड एक्सप्रेसवे नोएडा के सेक्टर-94 से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा के फाई-4 होते हुए यमुना अथॉरिटी की 120 मीटर चौड़ी सड़क को जोड़ते हुए यीडा सिटी के सेक्टर-21ए में कनेक्ट करेगा।

50 किमी होगी एक्सप्रेसवे की लंबाई

करीब 50 किमी लंबे इस एक्सप्रेसवे का 27 किमी का हिस्सा नोएडा अथॉरिटी के एरिया में आएगा। पहले फेज में एनएचएआई इस एक्सप्रेसवे को सेक्टर-94 से यीडा सिटी के सेक्टर-21ए तक बनाएगी। दूसरे फेज में इसे दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के पास मेरठ दिल्ली एक्सप्रेस वे से भी जोड़ा जाएगा। नोएडा में सेक्टर-94, सेक्टर-150 से होते हुए मंझावली पुल को जोड़ते हुए यमुना के सेक्टर-21ए में 120 मीटर चौड़ी सड़क तक जाएगा। मंझावली पुल से जुड़ने से हरियाणा के फरीदाबाद से भी एयरपोर्ट की दूरी कम हो जाएगी।