Faridabad/Alive News : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से फरीदाबाद में 77वें वन महोत्सव के दूसरे चरण का जिला स्तरीय आयोजन 7 अगस्त (शुक्रवार) को सुबह 9 बजे भाकरी एचपीजीसीएल भूमि, पाली (एनआईटी), फरीदाबाद में किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होगा।
अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि वन महोत्सव के तहत जिले में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। वहीं, 77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन गुरुग्राम में होगा, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
जिला वन अधिकारी झालकर उयाके ने बताया कि फरीदाबाद के जिला स्तरीय कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और हरियाणा सरकार के स्थानीय शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम में बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, एनआईटी विधायक सतीश कुमार फागना, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, पृथला के पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, बल्लभगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष सोहन पाल सिंह तथा जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा विभिन्न नगरपालिका समितियों एवं परिषदों के अध्यक्ष, ब्लॉक समिति के प्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के सदस्य भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
जिला वन अधिकारी झालकर उयाके ने कहा कि वन महोत्सव का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र का विस्तार और आमजन में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

