May 20, 2024

जीवन में खुश रहने के लिए ये तरीके हो सकते हैं मददगार, पढ़िए खबर

Lifestyle/Alive News: मनुष्य के जीवन में अकसर उतार चढ़ाव आते रहते हैं जिसकी वजह से वह खुश नही रह पाते हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो परेशानियों के चलते डीप्रेशन का शिकार भी हो जाते हैं । इसलिए इस बात को समझना जरूरी है कि खुशी किसी एक बड़े काम से नहीं बल्कि, रोज के छोटे-छोटे कामों से मिलती है, जैसे- अपनी पसंदीदा डिश खाने के बाद हमें खुशी मिलती है या अपने किसी पुराने दोस्त से मिलने का खुशी का अनुभव होता है।

नई चीजें ट्राई करें
अक्सर जब हम रोज एक ही काम को एक ही तरीके से करते रहते हैं, तो हमारा दिमाग उस पर ध्यान देना बंद कर देता है। आपने ध्यान दिया होगा और अगर नहीं दिया तो अब सोचिए कि रोज घर से ऑफिस आते समय आप रास्ते में आने वाली कितनी चीजों पर ध्यान देते हैं। शुरुआती कुछ दिनों में आपने अपने रास्ते में पड़ने वाली चीजों पर ध्यान दिया होगा, लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतते गए होंगे, आपने उन पर ध्यान देना बंद कर दिया होगा। यह इंसान का आम व्यवहार होता है। इसलिए अपने रूटीन में नयापन लाने के लिए नई चीजों को ट्राई करें। जैसे- ऑफिस आने के लिए किसी नए रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं या आप कोई नई डिश ट्राई कर सकते हैं। किसी नई जगह पर घूमने जा सकते हैं। ऐसा करने से न केवल आपके जीवन की मोनोटोनी टूटेगी बल्कि, आपको नए अनुभव भी मिलेंगे, जो आपको खुशी दे सकते हैं।

किताबें पढ़िए
अक्सर हम बोर होते हैं, तो अपना फोन खोलकर बैठ जाते हैं और उस पर घंटों बैठकर सोशल मीडिया स्क्रॉल करते रहते हैं। कुछ फनी मीम देखने से आपको उस समय हंसी आ सकती है, लेकिन इससे आपको खुशी नहीं मिलती है और घंटो डूम स्क्रॉलिंग की वजह से काफी समय भी बरबाद होता है। इसके बदले आप कोई अच्छी किताब पढ़ सकते हैं। अगर आप किताबें पढ़ना पसंद नहीं करते हैं, तो हो सकता है कि आपको शुरुआत में यह काफी बोरिंग लगे, लेकिन धीरे-धीरे इसकी आदत बनाने के बाद आप कभी किताब पढ़ने को बोरिंग नहीं कहेंगे। किताबें आपके लिए नई दुनिया का रास्ता खोलती हैं और आपको नए तरीके से सोचने और चीजों को देखने के लिए प्रेरित करते हैं। इसके साथ ही, आप चाहें तो फिल्में देखना, थिएटर, म्यूजियम आदि को भी अपने जीवन का हिस्सा बना सकते हैं।

संगीत सुनिए
गानें तो आप भी सुनते होंगे। हर व्यक्ति की गानें की पसंद अलग-अलग होती है, किसी को पुराने बॉलीवुड के गानें पसंद आते हैं, तो कोई टेलर स्विफ्ट को सुनना पसंद करते हैं। हालांकि, अक्सर हम गानें शांति में सुनना चाहते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि शोर में संगीत सुनने से ज्यादा खुशी का एहसास होता है। ऐसा एक रिसर्च में पाया गया है कि व्यक्ति शोर में संगीत सुनने से ज्यादा खुशी का अनुभव करते हैं। इसका एक कारण यह हो सकता है कि शोर में संगीत सुनने से आप उस शोर से बाहर निकल, संगीत की मदद से शांति का अनुभव करते हैं।