Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर इलाके के विकास कार्यों, सीवरेज और पानी निकासी की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बारिश के मौसम में जलभराव न हो, इसके लिए सभी डिस्पोजल पॉइंट्स का निरीक्षण किया जाए और मोटर चालू रखी जाएं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए मंजूर किए गए 20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को तुरंत शुरू किया जाए। इनमें सड़कें, गलियां, सीवर लाइन और सामुदायिक भवन शामिल हैं।
विधायक ने बापू नगर में बनने वाले सामुदायिक भवन की फाइल प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए ताकि निर्माण कार्य शुरू हो सके। साथ ही चावला कॉलोनी से सेक्टर-3 तक नई सीवर लाइन का स्टीमेट भी जल्द तैयार करने को कहा।
मूलचंद शर्मा ने यह भी कहा कि बापू नगर क्षेत्र में सीवर और बारिश के पानी की निकासी की योजना जल्दी बने और सरकारी जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जे हटाए जाएं।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भरोसा दिलाया कि सभी विकास कार्य और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मिलकर शहर को बेहतर बनाएंगे।
इस मौके पर जॉइंट कमिश्नर करण भदौरिया, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, एक्सईएन हरीश और एसडीओ अमित चौधरी भी मौजूद रहे।
बल्लभगढ़ में जलभराव न हो, अधिकारी करें निरीक्षण – विधायक मूलचंद शर्मा ने दिए निर्देश

