April 28, 2024

खोरी में आज फिर चल सकता है नगर निगम का पीला पंजा

Faridabad/Alive News : अरावली वन क्षेत्र में बसे खोरी गांव में नगर निगम द्वारा लगातार तोड़फोड़ कार्यवाही की जा रही है। इसके बाद भी खोरीवासी गांव में तंबू व टेंट लगाकर वहां रह रहे है। निगम तोड़फोड़ दस्ते द्वारा हाल ही में 100 तंबू और टेंटो को हटाया गया था और लोगों को सख्त कानूनी कार्यवाही की हिदायत दी गई थी। बावजूद इसके खोरीवासी गांव खोरी छोड़ने को राजी नही है। इसको देखते हुए एक बार फिर निगम ने खोरी में तंबू और टेंटो को तोड़ने की तैयारी की है। बुधवार को छुट्टी के बाद बृहस्पतिवार को एक बार फिर तोड़फोड़ कार्रवाई की बात कही गई है। वहीं शुक्रवार को खोरी मामले में निगम सुप्रीम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जून में खोरी गांव में तोड़फोड़ कार्रवाई की गई थी। करीब डेढ़ माह चली तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान लगभग 10 हजार मकानों को नगर निगम तोड़फोड़ दस्ते ने ढहा दिया था। साथ ही जगह-जगह निगम ने सरकार संपत्ति होने के बोर्ड लगा दिए थे। लोग घरों से बेघर हो गए। कुछ लोग किराये के मकान में चले गए तो कुछ ने खोरी में तोड़े गए मकान के मलबे पर दोबारा से टेंट लगा कर रहने लगे। यहां करीब 15 सौ से अधिक परिवार टेंट व झुग्गी बनाकर रह रहे हैं। दो दिन से नगर निगम द्वारा खोरी में तोड़फोड़ की जा रही है। मंगलवार को छह जेसीबी और दो पोकलैंड मशीनों से करीब 180 अवैध कब्जे ढहाये गए थे। छुट्टी का दिन होने के कारण बुधवार को खोरी के अवैध कब्जा धारकों को एक दिन का समय दिया गया। जिससे लोग अपने घरों को खाली कर सकें।