August 10, 2026

तेज धूप और गर्म हवाओं से हाल बेहाल

Noida/Alive News: लगातार बढ़ती गर्मी ने शहर को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। इस दिन तापमान 44 से 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस माह का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं, शहर का एक्यूआई भी लगातार अपना मिजाज बदल रहा है।

मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार बुधवार और गुरुवार को तापमान 45 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा। साथ ही इन दोनों दिनों के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। शुक्रवार और शनिवार को तापमान 44 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, 24 और 25 मई को तापमान 43 से 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

जैसे-जैसे मौसम का मिजाज बदल रहा है, वैसे-वैसे शहर की हवा की गुणवत्ता में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। नोएडा का एक्यूआई 233 दर्ज किया गया, जो ऑरेंज जोन में है। वहीं, ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 312 दर्ज किया गया, जो रेड जोन में पहुंच गया है।