March 7, 2026

नियमों के उल्लंघन पर नगर निगम सख्त, चार मंजिला इमारतों पर कार्रवाई की तैयारी

Faridabad/Alive News: नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन कर बनाई जा रही चार मंजिला इमारतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। निगम द्वारा तैयार की गई सूची के मुताबिक, अकेले एनआईटी जोन में ऐसी करीब 15 इमारतें चिन्हित की गई हैं, जिनका निर्माण नियमों को दरकिनार कर किया जा रहा है।
नगर निगम का कहना है कि इन इमारतों का निर्माण करने वाले बिल्डरों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार पहले ही चार मंजिला इमारतों के निर्माण पर रोक लगा चुकी है। इसके बावजूद शहर में अवैध रूप से निर्माण कार्य जारी है, जिसे लेकर निगम द्वारा लगाए गए शिकायत निवारण शिविरों में भी लगातार शिकायतें सामने आई हैं।
निगम के अनुसार, इन चार मंजिला इमारतों के निर्माण के कारण आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। नियमों के तहत किसी भी इमारत का निर्माण करने से पहले पड़ोसियों से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) लेना अनिवार्य है, साथ ही प्रॉपर्टी के सामने कम से कम 10 मीटर चौड़ी सड़क होना भी जरूरी है।
जांच में सामने आया है कि अब तक बनाई गई कोई भी चार मंजिला इमारत इन मानकों पर खरी नहीं उतरती। नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर जितेंद्र जोशी ने बताया कि एनआईटी जोन में सर्वे पूरा कर लिया गया है और अब अन्य जोनों में भी ऐसी इमारतों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।