March 7, 2026

हरियाणा विधानसभा में बल्लभगढ़ नगर निगम की नई इमारत का उठाया मुद्दा

फोटो : नगर निगम कार्यालय

Ballabhgad/Alive News: रियाणा विधानसभा सत्र की कार्यवाही में भाग लेते हुए बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने बल्लभगढ़ नगर निगम कार्यालय की प्रस्तावित नई इमारत का महत्वपूर्ण प्रश्न सदन में उठाया।

विधानसभा में उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ क्षेत्र में नगर निगम कार्यालय की नई इमारत का निर्माण लंबे समय से अपेक्षित है, ताकि क्षेत्रवासियों को अपने कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस पर सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया कि नए कार्यालय भवन के निर्माण हेतु शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी और आने वाले कुछ ही दिनों में निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा। बताया गया कि इस भवन के निर्माण पर लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

विधायक पं. मूलचंद शर्मा ने कहा कि नए भवन के निर्माण से बल्लभगढ़ नगर निगम जोन को आधुनिक एवं व्यवस्थित कार्यालय मिलेगा। इससे आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अधिक सुविधा प्राप्त होगी, वहीं अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा दिए गए आश्वासन से बल्लभगढ़ क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।