Faridabad/Alive News: शहर के क्रिकेट प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम में मैच देखने का इंतजार अभी और करना पड़ सकता है। शहीद राजा नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण छह साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। अब तक करीब 60 प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है। निर्माण में देरी और नोटिस का जवाब नहीं देने पर नगर निगम ने पुरानी एजेंसी रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। ऐसे में बचा हुआ काम अब नई एजेंसी से कराया जाएगा। इसके लिए नगर निगम अलग से टेंडर जारी करने की तैयारी कर रहा है। दूसरी ओर, लंबे समय से बंद पड़े स्टेडियम के मैदान में झाड़ियां उग आई हैं और दर्शकों के बैठने के लिए दीर्घा का निर्माण भी अधूरा है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह प्रोजेक्ट फिलहाल पूरा होने का इंतजार कर रहा है।
25 प्रतिशत काम भी पूरा नहीं कर पाई एजेंसी
नगर निगम ने रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को स्टेडियम के 25 प्रतिशत हिस्से का निर्माण पूरा करने की जिम्मेदारी दी थी, लेकिन एजेंसी अपना निर्धारित काम भी पूरा नहीं कर पाई। विभागीय सूत्रों के अनुसार, एजेंसी का निगम पर करीब छह से सात करोड़ रुपये बकाया है। भुगतान नहीं होने के कारण एजेंसी ने काम बंद कर दिया था। निगम की ओर से नोटिस जारी करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया।
नई एजेंसी के लिए निकलेगा अलग टेंडर
नगर निगम आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि निर्माण कार्य में देरी को लेकर एजेंसी को नोटिस दिया गया था, लेकिन उसकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। अब स्टेडियम का बचा हुआ काम पूरा कराने के लिए नई एजेंसी को हायर किया जाएगा। इसके लिए अधूरे कार्यों का अलग से टेंडर जारी किया जाएगा।
135 करोड़ से शुरू हुआ प्रोजेक्ट, बजट 200 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान
वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्टेडियम के जीर्णोद्धार की घोषणा की थी। उस समय इसके लिए 135 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया था। बाद में अलग-अलग कार्यों को शामिल किए जाने के कारण बजट बढ़ता गया। पूरे प्रोजेक्ट की लागत करीब 200 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। वर्ष 2019 में स्टेडियम को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने का काम शुरू किया गया था, लेकिन छह साल बाद भी निर्माण पूरा नहीं हो पाया।
मैदान में झाड़ियां, दर्शकों की दीर्घा भी अधूरी
लंबे समय से निर्माण कार्य बंद होने के कारण स्टेडियम की हालत खराब हो रही है। मैदान में झाड़ियां उग आई हैं। न तो क्रिकेट खेलने के लिए मैदान पूरी तरह तैयार हो पाया है और न ही दर्शकों के बैठने के लिए दीर्घा का निर्माण पूरा हुआ है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं वाला स्टेडियम फिलहाल इस्तेमाल के लिए तैयार नहीं है।
दो मंत्रियों ने जल्द काम पूरा होने का किया दावा
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर स्टेडियम के निर्माण को जल्द पूरा कराने का भरोसा दे चुके हैं। विपुल गोयल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर काम में तेजी लाने की बात कही थी। वहीं, कृष्णपाल गुर्जर ने भी निर्माण की सभी रुकावटें दूर होने और काम जल्द पूरा होने का आश्वासन दिया है। अब नई एजेंसी के चयन और टेंडर प्रक्रिया के बाद ही निर्माण कार्य आगे बढ़ने की उम्मीद है।

