November 9, 2026

निजी स्कूलों की स्मार्ट क्लास और लैब देखेंगे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी

Faridabad/Alive News: सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को अब पढ़ाई के नए तरीकों और आधुनिक तकनीक को करीब से समझने का मौका मिलेगा। स्कूल ट्विनिंग कार्यक्रम के तहत वे निजी स्कूलों में जाकर स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब और विज्ञान प्रयोगशालाओं का अनुभव लेंगे। इस पहल से जिले के एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थी निजी स्कूलों में होने वाली शैक्षणिक गतिविधियों को देखेंगे और उनमें हिस्सा भी लेंगे। उन्हें विज्ञान के प्रयोगों, कंप्यूटर तकनीक और डिजिटल शिक्षा की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, दोनों स्कूलों के शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच संवाद और अनुभव साझा करने के लिए गतिविधियां आयोजित होंगी। इससे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को पढ़ाई के नए तरीकों को समझने और अपनी जानकारी बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

जिला विज्ञान विशेषज्ञ श्रीकृष्ण शर्मा ने बताया कि स्कूल ट्विनिंग कार्यक्रम से विद्यार्थियों को निजी संस्थानों के शैक्षणिक माहौल और आधुनिक सुविधाओं को समझने में मदद मिलेगी। विभागीय निर्देशों के अनुसार स्कूलों का चयन कर भ्रमण और अन्य गतिविधियां संचालित की जाएंगी।