September 21, 2026

घटिया सामग्री के उपयोग को लेकर निगम सख्त, चौपाल की छत तुड़वाई, ठेकेदार को नोटिस

Faridabad/Alive News: सार्वजनिक निर्माण कार्यों में लापरवाही और घटिया सामग्री के उपयोग को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र के गांव नीमका में नगर निगम द्वारा निर्मित की जा रही चौपाल में घटिया सामग्री के उपयोग का मामला सामने आने पर निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चौपाल की छत (लेंटर) तुड़वा दी और संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

नगर निगम के अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह ने बताया कि गांव नीमका में बन रही चौपाल में ठेकेदार द्वारा अधिकारियों की जानकारी के बिना नियमों के विपरीत छत डाली गई थी। गुणवत्ता जांच के दौरान निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।

उन्होंने कहा कि गुणवत्ता में कमी पाए जाने के चलते चौपाल की छत को गिरा दिया गया है। अब चौपाल की छत सहित सभी निर्माण कार्य नगर निगम द्वारा निर्धारित नियमों और गुणवत्ता मानकों के अनुसार ही कराए जाएंगे।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।