Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने डकैती की एक बड़ी वारदात के मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने की है। यह मामला थाना छायंसा क्षेत्र का है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अटाली गांव के रहने वाले हरिओम ने 16 मई को थाने में शिकायत दी और बताया कि वह और उसका साथी तोयस दुकान बंद करके रात करीब 9:30 बजे मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। जब वे अटाली आटा मिल के पास पहुंचे, तो दो मोटरसाइकिलों पर सवार 6 लड़कों ने उन्हें रोका। उनके पास हथौड़ा और लोहे की रॉड थी। उन लड़कों ने दोनों के साथ मारपीट की और लगभग 1 लाख रुपये लूट लिए। इस पर डकैती का केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने इस मामले में जांच करते हुए गौरव नाम के युवक को गिरफ्तार किया है, जो गढ़खेड़ा गांव का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला कि गौरव ने अपने दोस्त अज्जू के साथ मिलकर इस डकैती की योजना बनाई थी। फिर अज्जू ने अपने 5 अन्य दोस्तों को साथ मिलाया और सभी ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। अज्जू और उसके पांचों साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
गौरव से पुलिस ने 8,200 रूपए बरामद किए हैं। उसे अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है।

