March 8, 2026

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर चलाये स्वच्छता पखवाड़े ने एनआईटी के वार्डों में तोड़ा दम, निगमायुक्त का वार्ड अभियान भी कागजों और अखबारों की सुर्खियों तक सीमित 

Prabhjot Kaur/Alive News

Faridabad : फरीदाबाद नगर निगम के वार्ड नंबर-11 के लोगों को इन दिनों सीवर जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। गली में सीवर का गंदा पानी भरा रहता है और नालियां ओवरफ्लो होने से गंदगी घरों के बाहर तक फैल चुकी है। इस वजह से स्थानीय लोगों को न केवल आवाजाही में परेशानी हो रही है बल्कि गंभीर बीमारियों का भी खतरा बढ़ गया है। दूसरी तरफ निगमायुक्त लगातार पिछले दिनों सभी वार्डों में दौरा कर समस्याओं की जानकारी ले रहे थे और अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए भी निर्देश दे रहे थे। निगमायुक्त अब वार्डों में समस्या देखने नहीं जा रहे है और न ही समस्याओं का समाधान हो रहा है। इसके अलावा प्रशासन ने हाल ही में जिले भर में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 15 दिन का ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन दोनों ही कार्यक्रम कागजो और समाचार पत्रों की खबरों तक सीमित होकर रह गये है। इन दोनों अभियानो की हकीकत देखनी है तो एनआईटी विधानसभा के वार्ड-9, 10 और 11 में देखी जा सकती है। हालांकि एक अभियान को सरकार ने शुरू किया था और दूसरे अभियान को शुरू करने वाले खुद नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा है।  नगर निगम कमिश्नर हर वार्ड में जनसमस्याओं और रुके हुए विकास कार्यों की मॉनिटरिंग कर उनको गति देना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर समस्याओं का समाधान कराना था। 

दरअसल, इस लापरवाही से साफ है कि स्वच्छता अभियान के दावों के बावजूद हकीकत जमीनी स्तर पर बिल्कुल अलग है। नगर निगम आयुक्त ने हाल ही में घोषणा की थी कि वह हर दिन शहर के अलग-अलग वार्डों का दौरा करेंगे और समस्याओं का समाधान करेंगे। स्वच्छता पखवाड़ा अभियान भी चलाया जा रहा है, लेकिन वार्ड 11 की स्थिति देखकर लगता है कि यहां न तो अभियान का कोई असर हुआ और न ही अधिकारियों की नजर पड़ी है। सवाल उठता है कि क्या वार्ड 11 फरीदाबाद का हिस्सा नहीं है। अगर नगर निगम का अभियान हर वार्ड में चलना था, तो फिर यहां की समस्या अब तक क्यों नहीं सुलझाई गई।

हालांकि वार्ड नंबर-11 की कई गलियों में जगह-जगह कीचड़ और गंदे पानी के कारण बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। कई घरों के बाहर गंदा पानी भरने के कारण लोगों का अपने ही घर में प्रवेश करना मुश्किल हो रहा है। लोग इसी गंदगी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। गर्मी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रमण बीमारी होने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल सीवर की सफाई कराने और स्थायी समाधान की मांग की है।  

क्या कहना स्थानीय निवासियों का

“हम गंदगी से परेशान हैं, लेकिन अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते हैं। अगर समस्या जल्द हल नहीं हुई तो हमें विरोध प्रदर्शन करना पड़ेगा। लोग बीजेपी के पार्षद को वाट देकर अब पछता रहे है। मैने चुनाव में ही कहा था कि ये फ्लाईट से आने वाले नेता वार्ड का विकास नहीं कर सकते। “

– सतीश चंदीला, स्थानीय निवासी डबुआ-गाजीपुर रोड।

“ये सब सिर्फ दिखावा है, अधिकारी आते हैं फोटो खिंचवाते हैं और चले जाते हैं। असल में जनता की समस्याओं से किसी को लेना-देना नहीं है। ये सब राजनीतिक ड्रामा है। चुनाव के समय वादे किए जाते हैं, लेकिन हमारी गली आज भी गंदगी से भरी हुई है। क्या वार्ड 11 फरीदाबाद का हिस्सा नहीं है।”

ममता, स्थानीय निवासी डबुआ कॉलोनी।

क्या कहना है अधिकारी का
आपके माध्यम से मुझे इस समस्या की जानकारी मिली है। जेई को मौके पर भेजकर जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा। 

– सतपाल, कार्यकारी अभियंता नगर निगम