Faridabad/Alive News: बीके अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए नई लिफ्ट लगाने की योजना बजट जारी होने के बाद भी आगे नहीं बढ़ सकी है। स्वास्थ्य विभाग करीब दो महीने पहले नई लिफ्ट के लिए 87 लाख रुपये का बजट लोक निर्माण विभाग को जारी कर चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। दूसरी ओर, अस्पताल में लगी पुरानी लिफ्टों की स्थिति भी मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
अस्पताल में दो लिफ्ट हैं। आपातकालीन विभाग के पास लगी एक लिफ्ट लंबे समय से खराब होने के कारण बंद है। ओपीडी के पास चल रही दूसरी लिफ्ट में भी आए दिन तकनीकी खराबी आती रहती है। ऐसे में लिफ्ट बंद होने पर मरीजों को रैंप या सीढ़ियों के जरिए वार्ड और दूसरी मंजिलों तक ले जाना पड़ता है। गंभीर मरीजों और बुजुर्गों को इससे सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
कई महीने पहले तैयार हुआ था प्रस्ताव
नई लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव अस्पताल प्रबंधन की ओर से कई महीने पहले तैयार किया गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने करीब 87 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया। मंजूरी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बजट जारी कर दिया। राशि जारी होने के बावजूद मौके पर काम शुरू नहीं होने से योजना की समयसीमा को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
मरीजों के परिजनों का कहना है कि अस्पताल में लिफ्ट खराब होने पर मरीज को सीढ़ियों से ले जाना काफी मुश्किल होता है। खासकर ऑपरेशन, चोट या गंभीर बीमारी वाले मरीजों को इससे अतिरिक्त परेशानी होती है। उनका कहना है कि बजट जारी होने के बाद काम जल्द शुरू होना चाहिए।
क्या कहना है अधिकारी का
नई लिफ्ट लगाने के मामले में संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है। जल्द काम शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।
— डॉ. जयंत आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी

