October 7, 2026

अभी खेड़ी कलां सीएचसी जाने की मजबूरी, निदेशालय की मंजूरी के बाद तैयार होगा निर्माण का एस्टीमेट

Faridabad/Alive News: जसाना और आसपास के गांवों के लोगों को गांव के पास इलाज की सुविधा मिलने में अभी समय लग सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने जसाना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बनाने का प्रस्ताव स्वास्थ्य निदेशालय को भेजा है, लेकिन अभी इसे मंजूरी नहीं मिली है। निदेशालय की मंजूरी के बाद निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार किया जाएगा और बजट स्वीकृत होने के बाद ही पीएचसी का निर्माण शुरू हो सकेगा। ऐसे में फिलहाल ग्रामीणों को उपचार के लिए खेड़ी कलां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ रहा है।

जसाना से आसपास के गांवों के मरीजों को सामान्य बीमारी के इलाज के लिए भी दूर जाना पड़ता है। इससे बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को अधिक परेशानी होती है। ग्रामीणों के लिए स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने के कारण छोटी बीमारी या सामान्य जांच के लिए भी उन्हें दूसरे स्वास्थ्य केंद्र का रुख करना पड़ता है।

पीएचसी बनने पर मिलेंगी कई सुविधाएं

स्वास्थ्य विभाग की योजना के अनुसार पीएचसी में चिकित्सक की तैनाती की जाएगी। यहां गर्भवती महिलाओं की जांच और उपचार के साथ मरीजों को जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। रक्त जांच समेत अन्य सामान्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के तहत टीबी और एचआईवी से संबंधित दवाइयां भी केंद्र पर उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

पीएचसी बनने के बाद ग्रामीणों को सामान्य इलाज और जांच के लिए निजी अस्पतालों पर निर्भरता भी कम हो सकेगी।

क्या कहना है अधिकारी का

प्रस्ताव स्वास्थ्य निदेशालय को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण के लिए अनुमानित लागत तैयार की जाएगी। बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
— डॉ. जयंत आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी