April 28, 2024

पर्वतीय कॉलोनी का बूस्टर बना शराबियों का अड्डा

Faridabad/Alive News: स्मार्ट सिटी फरीदाबाद को पेयजल सप्लाई करने वाले बूस्टरों की दशा खराब है। पर्वतीय कॉलोनी का बूस्टर चारों तरफ से कूडे़ और गंदगी से घिरा हुआ है। बूस्टर पर असामाजिक तत्वों का स्वामित्व है। जगह-जगह शराब की बोतलें नजर आई। लोगों के मुताबिक बूस्टर की छत पर बच्चे खेलते हैं और कई बार उसके अंदर गंदगी भी फेंक देते हैं।

चारों तरफ कूड़े और गंदगी का ढेर
बूस्टर से साठ फुट और पर्वतीय कॉलोनी सहित विभिन्न हिस्सों में पेयजल सप्लाई की जाती है। लेकिन इस बूस्टर के हालात खराब हैं। बूस्टर के आस पास अवारा पशु घूमते हैं इसके साथ ही गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। हालत इस कदर खराब है कि बूस्टर को सीवर के ढक्कन से ढका गया है।

शराबियों का अड्डा बना बूस्टर
लोगों के मुताबिक पर्वतीय कॉलोनी का बूस्टर शराबियों का अड्डा बन चुका है। जगह जगह पर शराब की बोतलें हैं। बूस्टर पर आने से मना करने पर असमाजिक तत्व लड़ाई झगड़ा कर जान से मारने की धमकी देते हैं। इस संबंध में पुलिस में भी शिकायत दी गई है। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई।

लोगों ने किये कब्जा
सरकारी जमीन पर आस पास के कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है। कुछ लोगों के दरवाजे बूस्टर की जमीन में खुलते हैं तो कुछ ने छज्जा सरकारी जमीन में निकाला है। दिनभर लोग बूस्टर के पास से आवागमन करते हैं। लोगों के मुताबिक बूस्टर की छत पर बच्चें खेलते हैं। ढक्कन खुलें होने के कारण बूस्टर में कई बार बच्चे गंदगी फेंक देते हैं।

बूस्टर पर इको ग्रीन करता है कूड़े छटाई
बूस्टर पर गंदगी का एक कारण इको ग्रीन भी है। इको ग्रीन कूड़े की छटाई का कम भी बूस्टर पर ही करती है। जिससे आस पास गंदगी का माहौल रहता है।

क्या कहना है लोगों का
जलघर पर लोगों ने कब्जा किया हुआ है। इसके अलावा शराबियों का डेरा रहता है। रोकने पर यह जान से मारने की धमकी देते हैं।
-मनीराम, ऑपरेटर

बूस्टर पर गंदगी है। हम यहीं पानी पीते है। नगर निगम को बूस्टर की साफ सफाई का ध्यान रखना चाहिए।
-जितेंद्र कुमार, स्थानीय निवासी।

क्या कहना है अधिकारी का
इस समय चौकीदारों की कमी है इसलिए किसी को तैनात नहीं किया गया है। लोगों नेे सरकारी जमीन पर कब्जा किया हुआ है। शराबियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस से भी शिकायत की गई है। क्षेत्र के लोग सहयोग नहीं करते। पुलिस के आने से पहले ही शराबी भाग जाते हैं।
-ओपी कर्दम, कार्यकारी अभियंता।