March 7, 2026

मुजेड़ी में घर में घुसकर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 3 दिन के रिमांड पर

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने गांव मुजेड़ी में घर में घुसकर फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित निवासी मुजेड़ी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सतपाल निवासी मुजेड़ी ने पुलिस चौकी IMT में शिकायत दी थी कि 19/20 जनवरी की रात करीब 11 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। तभी बाहर से किसी ने आवाज लगाई। जब वह बाहर देखने गया तो पाया कि रोहित, राहुल और नितिन हथियार लेकर दीवार फांदकर उसके घर के अंदर खड़े थे। शोर सुनकर उसका भाई जितेंद्र भी बाहर आ गया। इसी दौरान रोहित ने दोनों भाइयों पर फायरिंग कर दी।

शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित का सतपाल के साथ पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता के घर जाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।