Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के जीवन नगर गौच्छी इलाके में 23/24 दिसंबर की रात हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जीवन नगर पार्ट-2 गौच्छी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी संजय कॉलोनी में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसके किराए के कमरे में शंभू यादव अपनी पत्नी, बेटी और विकास नामक युवक के साथ रहता था।
23/24 दिसंबर की रात शंभू यादव को विकास और अपनी पत्नी के बीच अवैध संबंध का शक हुआ। इसी शक के चलते शंभू ने रात में सो रहे विकास पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। इस संबंध में थाना मुजेसर में हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शंभू यादव
(35) को बल्लभगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि शक के कारण उसने यह वारदात की। आरोपी सरूरपुर स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था।

