June 5, 2026

जिला अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ की कमी, बढ़ा कार्यभार

Noida/Alive News: जिला अस्पताल में पिछले कई महीनों से डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। इससे अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों और स्टाफ पर काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है। मरीजों को भी इलाज और जांच के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल प्रशासन से मिले हालिया आंकड़ों के अनुसार अस्पताल में कई महत्वपूर्ण पद खाली पड़े हैं। इनमें एमएस का एक पद, फिजिशियन के दो, रेडियोलॉजिस्ट के दो, पैथोलॉजिस्ट का एक, कार्डियोलॉजिस्ट के दो, एसएमओ का एक और ईएमओ के चार पद रिक्त हैं। इसके अलावा गायनोलॉजिस्ट के दो पद भी खाली हैं।
गैर-चिकित्सीय स्टाफ में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्रभारी अधिकारी का एक पद, फार्मेसिस्ट का एक पद, नर्सिंग संवर्ग में 15 पद, लिपिक संवर्ग में तीन, एलटी संवर्ग में पांच, पीसीजी और एमआरडी में दो-दो पद रिक्त हैं। वहीं ड्राइविंग और इलेक्ट्रॉनिक विभाग में एक-एक तथा एमएनए में एक पद खाली है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के भी 26 पद रिक्त बताए गए हैं।
अस्पताल में बड़ी संख्या में पद खाली होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। मरीजों का कहना है कि डॉक्टरों की कमी के कारण ओपीडी में भीड़ बढ़ रही है और जांच व इलाज में देरी हो रही है। 

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि रिक्त पदों को भरने के लिए उच्च अधिकारियों के द्वारा प्रयास किया जा रहा है।