October 10, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर ₹73,450 की ठगी, दिल्ली से एक आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में टेलीग्राम टास्क साइबर ठगी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी से जुड़ी पुलिस कार्रवाई

Faridabad/Alive News: टेलीग्राम पर टास्क पूरा करके पैसे कमाने का लालच देकर एक महिला से 73,450 रुपये की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दिल्ली के शाहदरा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल किया गया बैंक खाता ठगों तक पहुंचाया था। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-3, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 4 सितंबर 2026 को उसे टेलीग्राम पर एक ग्रुप में जोड़ा गया। वहां समाचार से जुड़े चैनल और ग्रुप को फॉलो करने के टास्क दिए गए। इन टास्क को पूरा करने पर महिला को 120 रुपये मिले। इसके बाद उसे प्रीमियम टास्क के नाम पर दूसरी आईडी से संपर्क करने के लिए कहा गया।

महिला को अधिक कमाई का लालच देकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 73,450 रुपये जमा करवाए गए। शुरुआत में टास्क पूरा करने पर उसे 5,880 रुपये वापस मिले, जिससे उसे अधिक मुनाफा होने का भरोसा हो गया। बाद में ठगों ने 42,000 रुपये के टास्क को गलत बताते हुए रकम वापस पाने के लिए 50,000 रुपये का एक और टास्क पूरा करने को कहा। इसके बाद महिला को अपने साथ साइबर ठगी होने का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चिंटू निवासी बिहारी कॉलोनी, शाहदरा ईस्ट, दिल्ली को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले गिरफ्तार किए गए खाताधारक आदित्य का दोस्त है। आरोपी ने आदित्य से बैंक खाता लेकर आगे ठगी करने वालों को उपलब्ध कराया था। पुलिस के अनुसार, इसी खाते में ठगी के 42,000 रुपये प्राप्त हुए थे।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।