June 21, 2026

सॉफ्टवेयर से वन ईयर ऑथराइजेशन विकल्प हटने पर टैक्सी चालकों की बढ़ी परेशानी

Gungun sharma/ Alive News

Noida: परिवहन विभाग के सॉफ्टवेयर में वन ईयर ऑल इंडिया परमिट ऑथराइजेशन का विकल्प नहीं दिखने से टैक्सी चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली निवासी आलोक कुमार को भी इसी वजह से एक वर्ष का ऑल इंडिया परमिट नहीं मिल सका। इस समस्या को लेकर उन्होंने आरटीओ विभाग में शिकायत दी, तो  आरआई ने बताया कि सॉफ्टवेयर से ऑथराइजेशन का विकल्प हटा दिया गया है, जिससे कई टैक्सी चालक प्रभावित हो रहे हैं।

आरआई संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि पहले वाहन-4 पोर्टल पर ऑल इंडिया परमिट के लिए एक वर्ष के ऑथराइजेशन का विकल्प उपलब्ध रहता था। इसके जरिए टैक्सी चालक मात्र 500 रुपये शुल्क जमा कर देशभर में अपना वाहन संचालित कर सकते थे। लेकिन अब यह विकल्प पोर्टल से हटा दिया गया है, जिसके कारण चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में रोजाना टैक्सी चालक शिकायत लेकर कार्यालय पहुंच रहे हैं। लोगों की बढ़ती समस्याओं को देखते हुए उन्होंने मुख्यालय को पत्र भेजकर सॉफ्टवेयर में दोबारा यह प्रावधान जोड़ने की मांग की है। मुख्यालय से समाधान होने के बाद ही चालकों को राहत मिल सकेगी।