April 26, 2024

सलमान खान के बाद स्वरा भास्कर को मिली जान से मारने की धमकी, एक्ट्रेस ने पुलिस में दी शिकायत

New Delhi/Alive News: सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद बॉलीवुड सेलेब्स को भी लगातार धमकियां मिल रही हैं। पिछले दिनों सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को धमकी भरा खत मिला है। अब हाल ही में एक्ट्रेस स्वरा भास्कर को भी धमकी भरा खत मिला है। उन्होंने बताया कि यह खत मुंबई वाले घर पर स्पीड पोस्ट द्वारा भेजा गया है।

फिल्में बनाओं नहीं तो जनाजे उठेंगे
जानकारी के मुताबिक स्वरा को मिले खत में उन्हें चेतावनी देते हुए लिखा कि अपनी भाषा को मर्यादित रखो। सावरकर जी का अपमान नहीं सहेगा इस देश का नौजवान। आराम से अपनी फिल्में बनाओं नहीं तो जनाजे उठेंगे। इस खत के आखिरी में जय हिंद के साथ इस देश के नौजावान के नाम से साइन भी किए हुए हैं। खत मिलने के बाद स्वरा ने मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर किया था सावरकर पर पोस्ट
स्वरा हमेशा ही राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय सोशल मीडिया पर रखती हैं। उन्होंने साल 2017 में एक पोस्ट शेयर किया था। इसमें उन्होंने लिखा था कि सावरकर ने ब्रिटिश सरकार से माफी मांगी थी और जेल से रिहाई की भीख भी मांगी थी। इससे यह साबित होता है कि वह वीर तो नहीं थे। एक्ट्रेस ने साल 2019 में भी एक वीडियो शेयर कर सावरकर को डरपोक बताया था।

स्वारा भास्कर का करियर
स्वरा ने साल 2010 में आई ऋतिक रोशन स्टारर फिल्म गुजारिश से बॉलीवुड डेब्यू किया था। हालांकि इन्हें पहचान रांझणा के बिंदिया के किरदार से मिली। इसके अलावा स्वरा ने तनु वेड्स मनु, निल बटे सन्नाटा, अनारकली ऑफ आरा, प्रेम रतन धन पायो और वीरे दी वेडिंग में काम किया है। फिल्मों के अलावा स्वारा ने वेब सीरीज रसभरी, फ्लैश और भाग बिन्नी भाग में काम किया है।