Faridabad/Alive News: 31 जनवरी से शुरू हो रहे 39वें सूरजकुंड इंटरनेशनल आत्मनिर्भर क्राफ्ट फेस्टिवल–2026 को लेकर फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने यातायात एडवाइजरी जारी की है। यह मेला 15 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से लाखों पर्यटकों के आने की संभावना है।
डीसीपी ट्रैफिक मकसूद अहमद ने बताया कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेला अवधि में प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक कई मार्गों पर भारी और वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। प्रतिबंधित मार्गों में पाली से शूटिंग रेंज, अनखीर से सूरजकुंड, एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड और प्रह्लादपुर दिल्ली बॉर्डर से सूरजकुंड की ओर जाने वाले मार्ग शामिल हैं। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं। गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए दिल्ली जाने वाले वाहन चालक सैनिक कॉलोनी मोड़ से अनखीर चौक-बड़खल मार्ग या सैनिक कॉलोनी मोड़ से प्याली चौक-बाटा चौक-मथुरा रोड का प्रयोग कर सकते हैं। वहीं प्रह्लादपुर बॉर्डर, शूटिंग रेंज और एनएचपीसी चौक की ओर से सूरजकुंड आने वाले वाहन चालक नेशनल हाईवे के माध्यम से फरीदाबाद में प्रवेश करें।
मेले में आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए ईरोज सिटी, हेलीपैड (शूटिंग रेंज मर्ज रोड), क्लासिक गार्डन के पास, जंगल फॉल, होटल विवेंटा ताज के सामने, राधा स्वामी सत्संग स्थल, होटल गोल्ड फिंच के सामने, नगर निगम भूमि (राधा स्वामी सत्संग के सामने), लेकवुड सिटी और रोडी केसर स्टोन सहित 10 पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।
ट्रैफिक से संबंधित सहायता के लिए नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 0129-2267201, 2225999 या हेल्पलाइन 112 पर संपर्क कर सकते हैं। फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जारी एडवाइजरी का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

